Wednesday, April 7, 2010

जाना सुधारने लोगों को....लौटना खाके मुंह की ...



कल बहुत देर तक डिस्कवरी चैनल देखते रहे! कोई शो था जिसमे दुनिया के सबसे साफ़ सुथरे शहरों के बारे में बताया जा रहा था! अहा...क्या शहर थे! बड़ा मजा आ रहा था देखने में!ऐसी चमचमाती हुई सड़कें कि चप्पल धरने का मन ही न करे! एक बच्चा सड़क पर चलते चलते अचानक मुंह के बल गिर पड़ा.....पर जब उठा तो हम हतप्रभ रह गए! उसकी माँ को मुंह या कपडे झाड़ने की जरूरत ही नहीं पड़ी! बच्चा वैसा का वैसा नया नवेला दिख रहा था! हमने सोचा एक हमारा इण्डिया है सड़क पर चलो तो साला चप्पल के अन्दर से भी पैरों में धूल चरण पखारने चली आती है और हमारे यहाँ का कोई नौनिहाल अगर सड़क पर औंधे मुंह गिर जाए तो ऐसा लगता है मानो दस बीस दिन से तो नहाया ही नहीं है! कपडे इत्ती जोर जोर से झाड़ेगी उसकी माँ कि पीटने का काम भी उसी झाड़ने में संपन्न हो जाता है! नौनिहाल बहुत देर तक मुंह में कुछ चबाता रहेगा...माँ के पूछने पर कहेगा " धूल किर्र किर्र कर रही है अभी तक" उसे भी किरकिराने में बड़ा आनंद आता है! हमारे यहाँ तो घर भी इत्ते नहीं चमचमाते जैसे कि दूसरे देशों की रोड चमक रही थीं! प्रोग्राम ख़तम होते ही हम चिंतन मोड़ में आ गए!

आखिर क्या कारण है हमारे देश की ऐसी दुर्दशा का! क्यों मेरे महान देश में पग पग पर गंदगी की बहार छाई हुई है! सरकारी मशीनरी...भारत के जाहिल लोग....यहाँ की आबोहवा ! नाना प्रकार से हमने सोचकर देखा कभी इस करवट कभी उस करवट!. .हमें ही कुछ करना होगा...हम इस देश से गंदगी का नामो निशाँ मिटाकर रहेंगे! हमारे देश में भी बच्चे सड़कों पर लोटेंगे बिना गंदे हुए! सरकार पर हमारा बस चलने का नहीं....और कीचड में से स्नान कर छपर छपर करते बाहर आये सूअरों को रोक पाना तो हमारे अब्बा के भी बस का नहीं! हम एक जागरूकता अभियान चलाएंगे और नागरिकों को सिविक सेन्स का पाठ पढ़ाएंगे! हाँ हाँ ...यही ठीक होगा! और इस प्रकार एक सुन्दर भारत का सपना देखते देखते हम सो गए! अगली सुबह उठते ही अपना प्रण याद आ गया! आज ही से शुरुआत करेंगे अपने अभियान की.....जब तक हमारे देश के नागरिक गण नहीं सुधरेंगे तब तक कुछ भी न हो सकेगा! तो गुनीजनो.....इस प्रकार हम सुबह सुबह ऐसा संकल्प लेकर अग्रसर हो लिए अपने कर्तव्य पथ पर!

चार कदम चलते ही अभियान की शुरुआत करने का मौका मिला! एक बुड्ढे सज्जन दिखाई दिए सड़क पर थूकते हुए! छि छि....इसीलिए तो गंदगी है सड़कों पर! हम लपक कर उन सज्जन के पास पहुंचे...गला साफ़ किया और हिम्मत करके बोले " सर...आप यहाँ क्यों थूक रहे हैं?"
" हुह" तो का तुम्हारी खुपड़िया पर थूकें?" बुड्ढे बाबा हमी पर उबल पड़े!
अरे हम पर क्यों थूकोगे.....इतना कहकर हम अपनी खुपड़िया बचाते हुए खिसक लिए वहाँ से! गुस्सा तो बहुत आया डोकरे पर.....खुद ऐसे हैं तो बच्चों को जाने क्या सिखाया होगा! वो तो जाने क्या क्या और करते होंगे दूसरों की खोपड़ी पर!
खैर जैसे तैसे मन को शांत किया और आगे बढे...थोड़ी दूर पर देखा तीन बच्चे सड़क के किनारे लाइन से बैठे हुए थे हाथ में पानी की बोतल थामे! आपस में हंसी मजाक करते हुए दीर्घ शंका का निवारण किया जा रहा था! ये तो दो दो छटांक के बच्चे हैं...इनसे क्या डरना! और हम पहुँच लिए उन नादान बच्चों को नागरिकता का पाठ पढ़ने! बड़ी मुलायम आवाज़ में हमने पुकारा " बच्चो...."
बच्चों ने भी एक स्वर में जवाब दिया " क्या है...."
" आप लोग क्या कर रहो हो यहाँ पर "
बच्चे खी खी करके हंस दिए..." देख नहीं रहे हो...." और तीनों की नज़र नीचे की तरफ झुक गयी , ये दिखाने के लिए की वे क्या कर रहे थे! छि छि...मन घिन से भर उठा! फिर भी हार न मानी! हिम्मत करके हम फिर बोले " यहाँ ये करना गन्दी बात होती है "
" तो क्या आपके सर पे कर दें ?" बच्चे खी खी करते हुए बोले! आज तो लगता है हमारे सर पर आफत आई जान पड़ती है! इत्ते में कचरा बीनती उन तीनों बालकों की अम्मा आ गयी! आते ही फनफनाई ...." क्यों परेसान कर रहे हो मेरे छोकरों को.....?"
" नहीं...वो ...मैं तो...." हम पसीना पोंछते इत्ता ही बोल पाए! भगवान् कसम बहुत डर गए कहीं ये कचरे की टोकरी सर पर ही न उल्टा दे! माँ को देख बच्चे भी लाड में आ गए.... एक बच्चे ने पानी की बोतल में से पानी हमारे ऊपर छिड़का! हम घबरा गए! बाकी के दोनों बच्चों ने भी बोतल टेढ़ी की , हम भागे वहाँ से ...भागते भागते भी तीनों की बोतलों का पानी हमारी टीशर्ट पर छिडकाया जा चूका था! भागते भागते पीछे मुड़कर देखा...तीनों बच्चे हंसी के मारे जमीन पर लोटपोट हो रहे थे!

हे ईश्वर क्या करने निकले थे और तूने ये क्या हाल कर दिया! भाड़ में गया जागरूकता अभियान...लौटते वक्त एक आदमी को दीवार गीली करते देखा....एक आंटी जी को घर का कचरा पौलिथिन में भरकर दूसरे के घर के सामने डालते देखा! पर हम तो भैया अब चुप्प पड़कर रह गए! एक तो वैसे ही पौटी धोने के पानी से स्नान कर चुके हैं! अब किसी ने कचरा वचरा पटक दिया तो बची खुची इज्जत भी चली जायेगी! घर आते आते तक दोबारा वही बुड्ढे सज्जन दिखाई दिए....हम नज़र फेरकर चलते रहे! पर इस बार वो हमारे पास आये और बोले " बेटा...तुम सही कह रहे थे! मुझे फिर से थूकना है! कहाँ थूकूं? "
" किसी डस्टबिन में थूकिये और कहाँ" हमने थूक गटकते हुए जवाब दिया!
हमें तो कहीं दिखाई नहीं देता...जरा तुम ही चलकर दिखा दो"
" हाँ हाँ ...क्यों नहीं चलो हमारे साथ" हम दोबारा हलके से जोश में आये! करीब एक किलोमीटर तक बुजुर्गवार के साथ भटकने पर भी डस्टबिन नहीं खोज पाए! अंत में हार मानकर हमने कहा " जी...जहां आपका मन करे वहाँ थूकिये! सारा शहर आपका है!" बुड्ढे बाबा ने गर्व से भरकर हमें देखा और सड़क पर थूकार्पण कर दिया!
हम घर लौटे....गेट खोलकर घुस ही रहे थे कि इतने में सर पर कुछ गीला गीला लगा! हाथ लगाया तो गीला गीला सफ़ेद पदार्थ हाथ में चिपक गया! ऊपर देखा तो एक गौरैया उड़ रही थी! पता नहीं हमें भ्रम हुआ या सचमुच में ही हमें देखकर चोंच खोलकर मुस्कुरा रही थी! राम ही जाने.....हमने भी अपना गन्दा हाथ बगल वाले अंकल की दीवार पर पोंछ दिया!

Saturday, March 27, 2010

कई खूबसूरत सुबहें समेट रखी हैं मैंने.....

आहा...एक और बेहद खूबसूरत सुबह! चेहरे पे मुस्कराहट वही बरसों पुरानी पर वजह हर रोज़ नयी! रोज़ की तरह आज भी निकली हूँ सुबह सैर करने.....पार्क की एक बैंच पर बैठती हूँ योगा करने पर....मन नहीं लगता! आज मन कहीं और अटका हुआ है.....एक क्रिकेट बॉल में ! पार्क में दो जगह क्रिकेट मैच चल रहा है! एक जगह १४ -१५ साल की उम्र के बच्चे खेल रहे हैं , दूसरी जगह ९-१० साल के बच्चे खेल रहे हैं! आँखें कभी इस तरफ जाती हैं तो कभी दूसरी तरफ! क्या करूँ...बहुत मन हो रहा है बैटिंग करने का! सोचती हूँ...काहे को इत्ती बड़ी हो गयी! क्या बिगड़ जाता इस भगवान का अगर इस दुनिया में एक लड़की बड़ी नहीं होती?


सिक्सर........अचानक जोर का शोर उठा है छोटे बच्चों वाले ग्रुप से! भाड़ में गया योगा....थोड़ी देर खेल ही देखती हूँ इनका! उठकर चल देती हूँ.....सामने एक सबसे छोटा बच्चा दिखाई दे रहा है....अपना सर झटक कर बौलिंग करने दौड़ पड़ा है.....छुटका तेज़ बॉल डालता है!
सामने वाला आउट हो गया है....अपना बैट लेकर जा रहा है! यही सही मौका है....कूद पड़ो बेटा मैदान में!मैं बीच में ही उसे रोकती हूँ.." मुझे खिलाओगे थोड़ी देर?" वो सबकी तरफ देखता है फिर कहता है " हाँ हाँ...आ जाओ , क्या करोगी?" मैं तडाक से कहती हूँ " बैटिंग..."
ठीक है कर लो.....अब उसका छोटा सा बैट मेरे हाथों में आ गया है! एक लड़का थोडा नाखुश है...शायद उसी का टर्न था बैटिंग का! मैं बैटिंग करने खड़ी होती हूँ.....बैट को ज़मीन पर ठोकती हूँ! "बॉल ज़रा धीरे डालना....." मैं पहली बॉल पर आउट नहीं होना चाहती हूँ! बौलर बहुत क्यूट है....धीरे से टप्पे वाली बॉल डाली है उसने. मैं खुश हूँ....पक्का baundry पार करा दूंगी ! बॉल करीब आती है...बैट टकराता है और बॉल ऊपर उठ जाती है! पर वो छुटका बड़ी आसानी से कैच ले लेता है....उसने फिर अपना सर झटका है! अरे यार....आउट हो गयी! छुटका हंस रहा है! ठीक है बैट एक लड़के को थमाकर जाने लगती हूँ....तभी एक आवाज़ आती है " दीदी...फील्डिंग भी करनी पड़ती है!" देखती हूँ...वही छुटका था! " छोकरा चालू है.....मैं सोचती हूँ ! हाँ हाँ ...क्यों नहीं! मैं फील्डिंग करने खड़ी हो गयी हूँ....फिर बौलिंग का भी नंबर आया ! आधे घंटे बाद मेरी सबसे दोस्ती हो गयी है! और मुझे लग रहा है....जैसे मैं ही उनकी लीडर हूँ! बच्चे मेरी बात मान रहे हैं! उन्हें लग रहा है...मुझे क्रिकेट अच्छे से आता है...!

खेल ख़तम होता है....मैं घर वापस आती हूँ! धोबन आकर पूछती है " क्या बात है दीदी....अकेले अकेले हंस रही हो"?
" बस ऐसे ही ...सब कुछ अच्छा अच्छा लग रहा है" मैं जवाब देती हूँ और फिर मुस्कुराने लगती हूँ! मैंने ऊपर आसमान में ठेंगा दिखाया है " तुम बुड्ढा किये बिना नहीं मानोगे , कर लो पर मेरा क्या बिगाड़ लोगे"

Thursday, March 11, 2010

एक सर्द ख़ामोशी....अंतहीन...


चारों तरफ एक बेचैन सी ख़ामोशी पसरी हुई है...! मुझे डर लगने लगा है इस सन्नाटे से! बार बार पसीना पोंछता हूँ! कोई दूर ले जाओ इस ख़ामोशी को....जो कानों के अन्दर से घुसकर मेरे पूरे शरीर में रेंगने लगी है! मेरे कान तरस गए हैं शोर को! इस सन्नाटे में मुझे मेरा ज़मीर की आवाज़ बहुत साफ़ सुनाई देती हैं! मैं नहीं सुनना चाहता हूँ इसकी बकवास! झिंझोड़े डाल रहा है कोई मेरे अन्दर से मुझको! उफ़ कितना सर्द होता है ये सन्नाटा....मेरी रगों में खून जमा जा रहा है!

बेबसी में मैं देख रहा हूँ इधर उधर....हर आने जाने वाले से बात करने की गुहार करता हूँ! सब मुझे देखते हैं...उनके हिलते हुए होंठ दिखाई पड़ते हैं मुझे,..मेरे कानों को क्यों नहीं सुनाई देते! मुझ तक आने के पहले ही बर्फ बनकर ज़मीन पर गिरते जाते हैं! चारों और बर्फ ही बर्फ फैलती जाती है!

..कौन सी होगी वो आंच जो इस सर्द ख़ामोशी को पिघला देगी....क्या एक शापित की तरह मुझे जन्मों तक इंतज़ार करना होगा! दोनों हथेलियों को आपस में जोर से रगड़ता हूँ....बदले में मुझे एक चीखती हुई हंसी सुनाई देती है! ख़ामोशी हंस रही है मुझ पर!हंसी की आवाज़ तेज़ होती जा रही है....और तेज़! रेलवे स्टेशन की और भागता हूँ मैं बदहवास सा! ट्रेन ने सीटी दी है...मैं पास जाता हूँ उसे सुनने! पर सीटी में भी एक भयानक अट्टहास सुनाई देता है! मैं हार चूका हूँ! घटने के बल बैठकर मौत को बुला रहा हूँ! रोना चाहता हूँ जार जार मगर आंसू बर्फ बन कर आँखों के अन्दर ही कहीं चुभ रहे हैं!

पता नहीं कैसे मैं खुद को कब्रिस्तान में बैठा पाता हूँ! पीछे मुड़कर देखता हूँ....ख़ामोशी जलती निगाहों से देखती ठीक मेरे पीछे खड़ी है! मैं हाथ जोड़ रहा हूँ...अपना सर ज़मीन पर पटक रहा हूँ पागलों की तरह! ख़ामोशी का अक्स बदलता है...एक परछाई उभर रही है जो बहुत अजीब निगाहों से मुझे देख रही है! एक सुकून है उन निगाहों में...!

ये सुकून भरी निगाहें इतनी जानी पहचानी क्यों लगती हैं मुझको.....पहले कहाँ देखा है इन्हें? अचानक सब दिखाई पड़ने लगता है मुझको......कभी ये सुकून मेरी ही निगाहों में था और मेरी जगह हाथ जोडती, सर पटकती मेरे जवाब का इंतज़ार करती वो....! थककर खामोश हो गयी थी !

वही ख़ामोशी चीरे दे रही है मुझे..... दीमक की तरह कुतरे जा रही है! आह...वो कौन सी ऊष्मा होगी जो इस सन्नाटे को पिघला कर मेरे जिस्म से बाहर निकाल देगी! शायद पछतावे की....हाँ यकीनन! पर ख़ामोशी के इस हिम खंड को पिघलने में शायद सदियाँ लग जायेंगी........