Tuesday, July 20, 2010

किताबों का असर मेरी जिंदगी पर ....जादू जैसा


मेरी जिंदगी में ऐसा जादू कोई न जगा पाया जैसा की किताबें जगाती हैं! कल के अखबार में रस्किन बोंड ने किताबों के बारे में कुछ लिखा था!तब से मेरा भी मन कर रहा था कि मैं भी किताबों से अपने रिश्ते के बारे में कुछ लिखूं! पिछले एक हफ्ते से खूब किताबें पढ़ मारी हैं! जिस किताब को पढो लगता है खुद एक दर्शक बनी बैठी हूँ और किताब की कहानी को जीने लगी हूँ! अभी अभी अम्रता प्रीतम के तीन उपन्यास पढ़े! उफ़...क्या लिखती हैं! " आक के पत्ते" उपन्यास के असर से तो निकलने में बड़ा वक्त लगा! एक एक लाइन पढ़ते जैसे दिल बैठा जाता था! अंत तक पहुँचते तो सीने पे साफ़ तौर पर एक बोझ सा महसूस होने लगा था! कई बार पढ़ते पढ़ते मुंह फेर लिया...चाहा कि अधूरा ही छोड़ दूं मगर ऐसे जादुई कहानी को पूरा न पढना नामुमकिन है चाहे जान ही क्यों न निकलती महसूस हो! अगर किसी कहानी को पढने के बाद खुद को भी उदासी घेरने लगे तो इसका आसान तरीका मुझे नज़र आता है कि झट से कोई ऐसी कहानी हाथ में पकड़ लो जो पिछली कहानी से एकदम उलट हो.....जैसे कि परसाई का इंस्पेक्टर मातादीन या नागमती की कहानी जो आप मुस्कुराए बिना पढ़ ही नहीं सकते या फिर " any thing for you mam" टाइप का कोई नोवेल जो आपको कॉलेज की रूमानी दुनिया में वापस ले जाए! हर राइटर अपने आप में अद्भुत हैं! पाओलो कोएल्हो को पढो तो जिंदगी को देखने का एक अलग ही नजरिया मिलता है मन में जिंदगी के एक एक पल को निचोड़ लेने की हूक सी उठती है! अम्रता प्रीतम की " नाग मणि" या धर्म वीर भारती की " गुनाहों का देवता " पढ़ते हुए किसी को टूट के मोहब्बत करने की हुलस उठने लगती है! जब एरिक सेगल की " लव स्टोरी " पढ़ी थी तो लगा था मानो खुद की ही प्रेम कहानी अधूरी रह गयी हो! गुलज़ार की नज्मे आपको भी शायर बनाने जैसा असर रखती हैं! और चिकन सूप फॉर द सोल सीरीज तो मेरे लिए इंसानियत और अच्छाई के टॉनिक का काम करती है! मुझे याद है कई साल पहले मेरी जिंदगी में एक दौर आया था जब थोडा थोडा डिप्रेशन हावी होने लगा था तब कहीं से डेल कार्नेगी की " how to stop worrying and starat living " किताब हाथ में आ गयी थी! यूं ही टाइम पास करने के इरादे से पढना शुरू कर दिया था! और सचमुच किताबें क्या कर सकती हैं....ये किताब पूरी पढने के बाद मैंने जाना! मोटिवेशनल किताबें आज भी उत्साह और आशा को चरम पर रखने में मेरा साथ देती हैं! मुझे याद है जब मैक्सिम गोर्की की " mother" मैंने पढ़ी थी तो अपने औरत होने पर गुरुर हो आया था! मन्नू भंडारी की " आपका बंटी " पढने के बाद बंटी मन में ऐसा बसा कि एक कविता लिख दी थी जो आज भी मेरी फेवरिट है! कई बार तो कोई किताब पढ़ते वक्त लेखक से रश्क हो आया कि भगवान् ने मुझे ऐसा लिखने वाला क्यों न बनाया! सच में...कभी कभी सोचती हूँ किताबें सबसे अच्छे दोस्त का सा साथ देती हैं! ऐसा दोस्त जो बिना शर्त आपके लिए आपके लिए हमेशा उपलब्ध है जब भी हम चाहें!

बचपन से ही चम्पक , नंदन , लोट पोट पढ़ते हुए किताबों का चस्का लगा था! पर सही मायनों में जिस किताब को पढ़ते समय जैसे मैं भी उसका एक किरदार बन गयी थी वो थी शिवाजी सावंत की " मृत्युंजय" ! शुरू में तो इस किताब की मोटाई देखकर ही हाथ लगाने से घबराती थी ...फिर एक दिन पढना शुरू किया तो १००० पेज की किताब दिन रात भिड़ कर दो दिन में ख़तम कर डाली! उन दो दिनों में मैंने शायद टॉयलेट जाते वक्त ही किताब को अपने से अलग किया होगा! जब किताब ख़तम हुई तो लग रहा था काश ये थोड़ी और मोटी होती! आज मैं दुनिया के हर छोटे बड़े राइटर को सलाम करना चाहती हूँ जिन्होंने मुझे वो बनने में मदद की जो मैं आज हूँ! और चाहती हूँ की टिप्पणी में आप अपनी पसंदीदा किताबें लिख दीजिये जिससे मेरी लिस्ट में और भी इजाफा हो जाये!

Tuesday, June 1, 2010

कुछ बहके बहके से अल्फाज़....जाने किसके लिए


वो खामोश नज्में कहता था मेरे लिए
मैं बदन के रोम रोम से सुना करती थी

वो अपनी आँखों से सहलाता था मुझे
मैं घूँट घूँट उसके इश्क को पिया करती थी

वो कुछ अधूरी सी इबारत लिख गया था मेरी धडकनों पर
मैंने उन्हें अपना नाम पता बनाकर पूरा किया था

वो किसी लैला की बात किया करता था
मैंने लैला को अपने अन्दर सुलगते देखा था एक रोज़

एक रात उसने मेरी कुंवारी रूह को समेटा था
बाहर बरामदे में मोगरा ओस से भीग भीग गया था

वो एक रोज़ टांगा गया था मज़हब की सलीब पर
और सदियों से वो मेरे सीने पर क्रॉस बनकर झूल रहा है

Thursday, May 13, 2010

ज़िन्दगी के सफ़र के अगले पड़ाव की ओर....

एक हफ्ते में सब कुछ बदल गया! सत्रह तारिख को ट्रांसफर ऑर्डर आया....कल यहाँ से रिलीव हो गयी और कल जाकर नयी जगह ज्वाइन करना है! डी.एस.पी. रेल भोपाल से अब सिटी एस. पी. विदिशा.......नयी जगह जाने की स्वाभाविक उत्कंठा और उत्साह भी है पर भोपाल छोड़ने का दुःख भी हो रहा है! भोपाल एक ऐसा शहर है की इससे प्यार हो ही जाता है! हर बार ट्रांसफर के समय ऐसी ही अजीब सी मन स्थिति हो जाती है! खैर अच्छी बात ये है की विदिशा भोपाल से केवल पचास किलो मीटर दूर है! आना जाना लगा रहेगा! और दूसरी अच्छी बात ये है की विदिशा जिले में मैं मैंने ट्रेनी डी.एस,पी. की तरह काम किया है आज से नौ साल पहले....तो जानी पहचानी जगह...जाने पहचाने लोगों के बीच दोबारा जाना अच्छा ही लगता है! अभी पैकिंग...शिफ्टिंग..का सारा काम बाकी है! शायद एक महीना लग जाये पूरी तरह सेट होने में! कुछ दिन पहले एक नज़्म लिखी थी! आज के लिए वही....शायद फिर कुछ दिनों तक नियमित आना न हो पाए......




वो मुझे मिला था
एक आवारा बादल की तरह
जो घर की छत पर कुछ पलों को
सुस्ताने रुक गया हो

ऐसे ही ठहर गया था वो
मेरे दरिया के मुहाने पर
मैंने अपनी रूह के पानी से भिगोया था उसे
बिना जाने ...ये पानी न जाने कहाँ बरसेगा

वो ऊपर अपने आसमान में टंगा था
और उसका अक्स मेरे अन्दर समाया था
वो ठहरा रहा...
रात उबासियाँ लेती रही
हम एक दुसरे की ज़मीन नापते रहे
जन्मों का हिसाब पलों में समेटते रहे
न वादों की पायल
न कसमों की जंजीर
बस इश्क की बिंदिया मेरे माथे झिलमिलाई थी
हम एक दुसरे के बदन में जागते रहे
चाँद का तिलिस्म टूटने तक

न जाने कहाँ बरसा होगा वो
न जाने क्या घटा इन पलों में
बस इतना जाना...उसके जाने के बाद
वो अपनी रूह मेरी ज़मीन पर बिछा कर चला गया था
जिस पर मेरा इश्क आराम करता है